फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत सुभाष नगर राजेंद्र पथ निवासी शिव शंकर दास के घर में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना के समय पूरा परिवार श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए बहरागोड़ा स्थित पैतृक आवास गया हुआ था. घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने नकद, जेवर, घरेलू सामान और गैस सिलेंडर तक चोरी कर लिया. मामले में बुधवार को परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. जानकारी देते हुए शिव शंकर दास के बेटे सूरज ने बताया कि उनके पिता पूजा भंडार की दुकान चलाते हैं, जबकि वह स्वयं फल व्यवसाय से जुड़े हैं. परिवार के एक सदस्य की मौत होने के कारण सभी लोग श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए बहरागोड़ा गए थे. घर की देखरेख की जिम्मेदारी खकरीपाड़ा निवासी भगिना सोनू को सौंपी गई थी.
सूरज के अनुसार, 12 मई को जब सोनू घर पहुंचा तो देखा कि मुख्य गेट का ताला गायब है. अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद उसने फोन कर घटना की जानकारी परिवार को दी. सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य 12 मई की रात घर पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, जांच-पड़ताल की और लौट गई. इसके बाद 13 मई को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई.
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर घर से करीब दो लाख रुपये नकद और लगभग छह लाख रुपये मूल्य के जेवरात ले गए. इसके अलावा घर में रखे दो गैस सिलेंडर, कपड़े और राशन तक चोरी कर लिया गया. हैरानी की बात यह रही कि चोर घर के टूटे हुए ताले भी अपने साथ ले गए, ताकि कोई सबूत न बचे. फिलहाल परसुडीह थाना पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.

