फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में आजादनगर थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड नूर कॉलोनी में शनिवार रात करीब 8.45 बजे चाकूबाजी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हुए। सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक पक्ष से मो. शमीम, मो शोएब शामिल है. वहीं दूसरे पक्ष से यूसुफ खान, सैफ खान और अनस शामिल है। शमीम को छाती और हाथ में चोट लगी है जबकि शोएब को गले, छाती और हाथ में चोट आई है।
वहीं सैफ के कमर में चाकू से हमला किया गया है। जबकि युसुफ और अनस को हल्की चोटें आई है। इधर, एमजीएम में दोनों पक्षों के परिजन पहुंचे जहां परिजनों में विवाद शुरु हो गया। अस्पताल परिसर में ही दोनों पक्षों के परि़जनों ने हंगामा शुरु कर दिया। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने मामले को शांत कराया।
तीन दिन पहले हुआ था विवाद
बताया जाता है कि इस घटना की जड़ तीन दिन पहले हुआ विवाद है। जानकारी के अनुसार, ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 17 निवासी यासीन और शोएब के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। यासीन का आरोप है कि उस दौरान उसकी आंख में मिर्च पाउडर झोंका गया था और उस पर चाकू से हमला किया गया था, जिसमें वह किसी तरह बच निकला। इसी रंजिश को लेकर शनिवार रात को घटना हुई। शो्एब ने बताया कि वह अपने साथी शमीम उर्फ पप्पू के साथ थाना के पास खड़ा था। इसी दौरान यासीन अपने भाई यूसुफ और अन्य साथियों के साथ बुलेट बाइक से वहां पहुंचा और अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में पप्पू के सीने और हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि शोएब भी घायल हो गया। दोनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं घायल सैफ ने बताया कि शोएब ने युसुफ को फोन कर बुलाया था जिसके बाद सभी थाना के पास पहुंचे थे। वहीं सभी ने हमला शुरु कर दिया।
बुलेट में लगायी आग
युसुफ और सैफ बुलेट से थाना के पास पहुंचे थे। घटना के बाद बुलेट मौके पर ही छूट गई। गुस्साए लोगों ने पहले बुलेट में तोड़फोड़ की और बुलेट के पेट्रोल की टंकी का पाइप खोल उसे आग के हवाले कर दिया। ऐन वक्त पर पुलिस पहुंची और आग को पानी डालकर बुझाया। पुलिस बुलेट को जब्त कर थाना ले गई।

