फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने एक संगठित वाहन चोरी रैकेट का पर्दाफाश किया. एनएच-33 स्थित बजरंग पार्किंग के समीप संचालित एक गैरेज में छापेमारी कर पुलिस ने दो संदिग्ध हाईवा जब्त किए. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इन वाहनों के इंजन और चेचिस नंबर के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी.

 

एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुड्डन नामक व्यक्ति अपने गैरेज में चोरी की हाईवा को नया रूप देकर उनकी पहचान बदल देता है. वाहनों का रंग-रोगन कर उन्हें नया जैसा बनाया जाता था, फिर इंजन और चेचिस नंबर बदलकर फर्जी कागजात तैयार किए जाते थे. इसके बाद इन वाहनों को बाजार में बेचने की तैयारी की जाती थी.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैरेज पर दबिश दी. हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वहां मौजूद लोग फरार हो गए. तलाशी के दौरान दो हाईवा बरामद किए गए, जिनमें नंबर बदलने का काम जारी था. जब्त वाहनों से मिले दस्तावेजों की जांच में कागजात भी जाली पाए गए.

मामले को गंभीरता से लेते हुए एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version