फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह स्थित रोरो रोड में शनिवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने सब्जी खरीदकर पैदल लौट रही एक महिला को निशाना बनाया और उसके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। भागने के दौरान बदमाशों द्वारा हवाई फायरिंग़ भी की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। हालांकि पुलिस को घटनास्थल से फायरिंग से संबंधित कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
वहीं पीड़ित महिला की ओर से देर शाम तक थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। स्थानीय निवासी सुरेंद्र ने बताया कि महिला रोज की तरह बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रही थी। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर चेन छीन ली।
लोगों ने जब शोर मचाया तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और तेज रफ्तार में फरार हो गए। सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि पास के मैदान में अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्र में अपराध की आशंका बनी रहती है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है।

