फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत रामदास भट्टा निवासी फिरदौस गद्दी का 8 वर्षीय पुत्र आरिश गद्दी गुरुवार शाम अपहरण कर लिया गया था। हालांकि, परिजनों ने तत्काल आरिश की तलाश शुरू की। इधर, सोशल मीडिया पर भी खबर फैलने के बाद अपहरणकर्ता आरिश को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के एक थाने के बाहर छोड़कर चले गए।
आरिश को सकुशल बरामद कर लिया गया है। उसे शहर लेकर आया जा रहा है। आरिश बिष्टुपुर नरभेराम हंसराज पब्लिक स्कूल की कक्षा तीसरी का छात्र है. वहीं पिता फिरदौस इलेक्ट्रिशियन का काम करते है। आरिश की एक छोटी बहन भी है। पिता ने बताया था कि आरिश शाम 6 बजे तक घर के पास ही खेल रहा था। इसके बाद जब घर वालों ने उसे नहीं देखा तो इसकी तलाश शुरू की गई।
पास ही एक निर्माणाधीन भवन में काम करने वाले मजदूर ने बताया कि आरिश को एक व्यक्ति के साथ जाते देखा। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी की जांच की गई। जांच में दिखा कि आरिश को एक व्यक्ति शाम 7.45 बजे अपने साथ ले जा रहा है। तलाश करते हुए सभी गालूडीह टोल प्लाजा के पास पहुंचे जहां टोल प्लाजा कर्मियों ने बताया कि उन्होंने बच्चे को एक कार में जाते देखा है। इसके बाद तलाश और तेज कर दी गई। अंत में आरिश को बरामद कर लिया गया।
