बाइक पर सवार थे तीन बदमाश, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर लोगों में आक्रोश
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत दोराबजी टाटा पार्क के पास शनिवार रात एक महिला से छिनतई का प्रयास किया गया। बाइक सवार तीन बदमाशों ने ऑटो से जा रही एक महिला का पर्स छीनने का प्रयास किया। हालांकि इस दौरान महिला ने पर्स नहीं छोड़ा जिस कारण महिला चलती ऑटो से गिर गई। इसी बीच बाइक सवार बदमाश कदमा की ओर फरार हो गए। घटना के बाद आस-पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पास ही मौजूद पीसीआर वाहन को इसकी सूचना दी।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया जहां महिला का इलाज चल रहा है। इधर, घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखने को मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि शहर में महिला सुरक्षित नहीं है। बीते दिनों ही बागबेड़ा में महिला से मारपीट हुई और अब इस घटना ने महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए है।
जानकारी के अनुसार महिला धतकीडीह की रहने वाली बताई जा रही है। महिला साकची से ऑटो लेकर अपने घर की ओर जा रही थी। संभवत: बदमाशों ने साकची से ही महिला का पीछा करना शुरु किया होगा। दोराबजी टाटा पार्क के पास मौके पाते ही बदमाशों ने छिनतई का प्रयास किया जिसमें महिला सड़क पर गिरकर घायल हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

