जमशेदपुर।

नाम्या स्माइल फाउंडेशन तथा वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर के संयुक्त तत्वावधान में ‘माही’ (मेंटल अवेसमनेस एंड हेल्थ इनिशिएटिव) अभियान शुरुआत की गयी है। मंगलवार को डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन में माही (MAHI) अभियान के तीसरे चरण का शुभारंभ नाम्या स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक कुणाल षड़ंगी एवं डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ जूही समर्पिता ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अनेकों योजनाओं में सरकार के साथ कार्य कर रहे वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर के मनोविशेषज्ञ ने डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के तीन सौ से अधिक छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति विस्तृत जानकारी देकर उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर नाम्या स्माइल फाउंडेशन के सदस्य रिशु रंजन ने बताया कि बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में युवाओं को जागरूक करने और इस खतरे को कम करने के उद्देश्य से संस्था नाम्या स्माइल फाउंडेशन एवं वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर के संयुक्त तत्वावधान में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार के टीबी उन्मूलन एवं कई अन्य कार्यक्रमों से जुड़े वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर के मनोविशेषज्ञ द्वारा जिले के सभी बड़े शिक्षण संस्थानों में युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं एवं इससे बचाव हेतु जागरूक किया जा रहा है।

वहीं, संस्था के संस्थापक कुणाल षड़ंगी ने बताया कि मन को स्वस्थ रखे बिना स्वस्थ तन की कल्पना करना बेमानी होगी, और इससे बड़ी बेमानी होगी मानसिक स्वास्थ्य को एक दायरे में बांध कर रखना। आज बढ़ते मानसिक समस्याओं के मद्देनजर स्वास्थ्य समस्या के साथ मेंटल हेल्थ समस्याओं के प्रति भी गंभीर होने की जरूरत है। देश के सभी बच्चे, उनके माता-पिता, शिक्षक, प्रशासन, नीति निर्माताओं और कानून व्यवस्था को मानसिक स्वास्थ्य की अहमियत के बारे में सोचने और इस दिशा में सार्थक प्रयास करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का अति-उपयोग और तुलनात्मक व्यवहार के कारण युवा वर्ग अवसादग्रस्त हो रहे हैं। इसके साथ ही, आत्महत्या के मामले में भी वृद्धि देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में व्याप्त भ्रम औऱ स्टिग्मा के चलते लोग अपनी समस्याएं दूसरों के साथ शेयर नहीं करना चाहते, जागरूकता के आभाव के कारण इस तरह की सोच बड़ी चुनौती साबित होती है, इसमें हम सभी को संवेदनशील होने की जरूरत है।

इससे पहले डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल जूही समर्पीता ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने संस्था द्वारा चलाये जा रहे मुहिम की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

इस मौके पर वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर से डॉ निमिषा, नाम्या स्माइल फाउंडेशन से डॉक्टर श्रद्धा सुमन, रिशु रंजन,निर्मल कुमार प्रथमा बोस और अन्य समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version