फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर स्थित खरकई नदी में बुधवार को एक नवजात का शव मिला. जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया. पुलिस मौके पर पहुंची और नदी से शव को बाहर निकाला. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. बागबेड़ा स्थित बड़ौदा घाट के पास नदी में शव तैरता मिला. नदी में नहाने गए लोगों की नजर शव पर पड़ी तो सूचना पुलिस को दी गई.

बागबेड़ा पुलिस के अलावा सरायकेला खरसावां जिले के आरआईटी पुलिस भी मौके पर पहुंची. क्योंकि जिस जगह शव मिला वह क्षेत्र आरआईटी थाना में पड़ता है. नवजात बच्चे का शव क्षत-विक्षत हालत में था. घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात का शव वहां कैसे पहुंचा. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.

पुलिस आशंका जाता रही है कि शव संभवतः नदी के बहाव के साथ किसी दूसरे स्थान से बहकर यहां पहुंचा है. शव की स्थिति को देखते हुए यह संभावना जताई जा रही है कि उसे पहले कहीं और नदी में फेंका गया था, जिसके बाद वह बहते हुए घाट किनारे आ लगा. घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी महिला ने लोकलाज या सामाजिक भय के कारण नवजात के शव को नदी में फेंक दिया हो.

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह फिलहाल सिर्फ एक संभावना है और हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के इलाकों से जानकारी जुटा रही है कि हाल के दिनों में कहीं नवजात के जन्म या किसी संदिग्ध घटना की सूचना तो नहीं मिली थी. मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच जारी है.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version