दिनेश कुमार के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील यूटिलिटीज सर्विसेज के अधिकारियों से की मुलाकात, जलापूर्ति का समय निर्धारित करने की उठाई मांग
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के गोलमुरी क्षेत्र में अनियमित जलापूर्ति से परेशान लोगों को राहत दिलाने के लिए भाजपा नेताओं ने टाटा स्टील यूटिलिटीज सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व में जुस्को) के अधिकारियों से मुलाकात कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वाटर टावर विभाग के हेड साकेत मित्रा से मिलकर क्षेत्र में पानी की समस्या से अवगत कराया। नेताओं ने दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए प्रतिदिन सुबह, दोपहर और शाम तीन समय पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने तथा जलापूर्ति का समय निर्धारित करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गोलमुरी बाजार, विश्वकर्मा लाइन, गढ़हाबासा, टुइलाडुंगरी, विजय नगर, रामदेव बगान, बजरंगनगर, सरस्वती नगर, आनंद नगर, कैबुल बस्ती और नामदा बस्ती समेत आसपास के कई इलाकों में जलापूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं है। कभी सुबह तो कभी देर रात पानी आने के कारण स्थानीय नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसका असर महिलाओं, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों की दिनचर्या पर भी पड़ रहा है।
त्योहारों में बढ़ेगी पानी की जरूरत
भाजपा नेताओं ने कहा कि दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान पानी की जरूरत बढ़ जाती है। दुर्गा पूजा में घरों और पूजा पंडालों की साफ-सफाई तथा भोग-प्रसाद तैयार करने, दीपावली पर घरों की सफाई और छठ पूजा के अनुष्ठानों की तैयारी के लिए पर्याप्त पानी जरूरी है। ऐसे में अनियमित जलापूर्ति से लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि गोलमुरी के सभी प्रभावित इलाकों में प्रतिदिन सुबह, दोपहर और शाम निर्धारित समय पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, त्योहारों के दौरान निर्बाध जलापूर्ति के लिए विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों और पूजा समितियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बुनियादी जरूरत है नियमित जलापूर्ति : दिनेश कुमार
भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि जलापूर्ति आम जनता की बुनियादी आवश्यकता है। गोलमुरी क्षेत्र में पानी आने का निश्चित समय नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के दौरान पानी की आवश्यकता और बढ़ जाती है। उन्होंने प्रबंधन से समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रतिदिन तीन समय नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि लोगों को राहत मिल सके और वे अपने त्योहार सुविधापूर्वक मना सकें।
भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने भी अनियमित जलापूर्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पूजा-पाठ और अन्य तैयारियों के लिए पर्याप्त पानी आवश्यक है। प्रबंधन को जलापूर्ति का समय निर्धारित कर सुबह, दोपहर और शाम पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि संबंधित प्रबंधन जनहित को ध्यान में रखते हुए समस्या के समाधान के लिए शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगा।
इनकी रही मौजूदगी : ज्ञापन सौंपने वालों में महामंत्री अशोक समंता, अमिश अग्रवाल, मुकेश चौधरी, श्रीनू राव, बी. श्रीनिवास राव, राकेश गिरी, समरेश कुमार, लक्ष्मण बेहरा, अमरेंद्र कुमार और राजेश कुमार शामिल थे।


































