फतेह लाइव, रिपोर्टर.
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के तत्वावधान में आगामी 17, 18 एवं 19 मई 2026 को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026 की तैयारियों को लेकर बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन के मानस मंडप सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जमशेदपुर मारवाड़ी समाज के विभिन्न शाखाओं, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य समाजबंधुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने की, जबकि संचालन महासचिव प्रदीप कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। इस दौरान महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा उपस्थित समाजबंधुओं से महत्वपूर्ण सुझाव लिए गए।
बैठक में आयोजन की सफलता हेतु विभिन्न समितियों एवं उनके प्रभारियों की घोषणा की गई। साथ ही प्रचार-प्रसार को गति देने के उद्देश्य से महोत्सव के पोस्टर एवं बैच का वितरण किया गया। विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधियों को मेले हेतु कूपन भी उपलब्ध कराए गए, ताकि समाज के अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में मुख्य रूप से नंद किशोर अग्रवाल, सुरेश सोंथालिया, विमल अग्रवाल, जिला संरक्षक छितरमल धूत, सांवरमल शर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य एवं विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने राजस्थान महोत्सव 2026 को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने हेतु अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए तथा आयोजन की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
मौके पर वक्ताओं ने कहा कि राजस्थान महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि राजस्थानी परंपरा, संस्कृति, लोककला, खान-पान एवं सामाजिक एकता का विराट उत्सव है। महोत्सव में राजस्थान की लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पारिवारिक मनोरंजन के अनेक आकर्षण देखने को मिलेंगे। अंत में सभी समाजबंधुओं ने एकजुट होकर राजस्थान महोत्सव 2026 को पूरे शहर के लिए यादगार आयोजन बनाने का संकल्प लिया।

