फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर में कदमा के शास्त्रीनगर स्थित जॉगर्स पार्क स्पोर्ट्स अकादमी में रविवार को सब-जूनियर एवं जूनियर वर्ग के बच्चों के लिए फुटबॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया. शहीद निर्मल सेवा सदन द्वारा संचालित इस अकादमी में प्रशिक्षण अनुभवी फुटबॉल कोच इफ्तिखार आलम के मार्गदर्शन में शुरू हुआ. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय योगगुरु अंशु सरकार (संस्थापक एवं निदेशक, सरकार योगा चैरिटेबल अकादमी) ने फुटबॉल में किक मारकर इसका शुभारंभ किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करता है. उन्होंने बच्चों से नियमित अभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.

शहीद निर्मल सेवा सदन के महासचिव जी के बोस ने बताया कि जॉगर्स पार्क स्पोर्ट्स अकादमी का उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है. बताया कि भविष्य में अकादमी के माध्यम से विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए एक सशक्त मंच मिल सके. इस अवसर पर रेहना असलम मलिक, प्रो. असलम मलिक, अनिमा बोस, नायमा हुसैन, सुनीता देवी और रितम बोस सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. निर्मल कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version