फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम के जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू के नेतृत्व में शुक्रवार को जदयू के एक प्रतिनिधिमंडल ने मानगो नगर निगम के नए नगर आयुक्त को क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान हेतु विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। अधिकांश क्षेत्रों में नियमित एवं पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। कई मोहल्लों में दिनभर में केवल एक बार जलापूर्ति होती है और वह भी मात्र 5 से 10 मिनट के लिए। कई इलाकों में केवल रात्रि के समय पानी दिया जाता है, जिससे महिलाएं, बुजुर्ग एवं नौकरीपेशा लोग पानी का संग्रह नहीं कर पाते। वहीं कई क्षेत्रों में पानी का दबाव इतना कम रहता है कि अंतिम छोर तक पानी पहुंच ही नहीं पाता, जिससे लोगों को पेयजल के गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में डोर-टू-डोर कचरा उठाव व्यवस्था की बदहाली पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। नगर निगम के कई वार्डों एवं मोहल्लों में नियमित कचरा उठाव नहीं होने के कारण सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे गंदगी, दुर्गंध एवं संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
सफाई व्यवस्था पर भी प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि गली-मोहल्लों में नियमित झाड़ू नहीं लगाई जाती तथा नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से नालियां बजबजा रही हैं और जगह-जगह गंदगी फैली हुई है।
ज्ञापन में स्ट्रीट लाइट आवंटन एवं रखरखाव में हुई अनियमितताओं की जांच की भी मांग की गई। साथ ही यह जानकारी सार्वजनिक करने का आग्रह किया गया कि सरकारी निधि, विधायक निधि एवं सांसद निधि से प्राप्त स्ट्रीट लाइटें किन-किन स्थानों पर लगाई गई हैं। नगर निगम क्षेत्र की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की युद्धस्तर पर मरम्मत कराने तथा आवश्यक स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त से उपरोक्त सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान आकाश शाह, विकास साहनी, विनोद सिंह, प्रेम सक्सेना, प्रवीण सिंह, लालू गौड़, मुश्ताक अहमद, संजीव सिंह, अशोक सिंह, दीपक गौड़, दिनेश सिंह, मनोज गुप्ता, संजय सिंह, हरभजन सिंह, रविंद्र सिंह, संगीता शर्मा एवं योगेन्द्र साहू सहित जनता दल (यूनाइटेड) के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
