फतेह लाइव, रिपोर्टर.
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ज्योति परमार्थ ट्रस्ट द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ आसनबनी हाई स्कूल, टाटानगर आरपीएफ बैरक परिसर तथा आसनबनी शिव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 50 पौधों का रोपण किया गया।
पौधारोपण अभियान के अंतर्गत अश्वगंधा, नीम, बेल, आम, आंवला, शीशम, महानिम एवं लाल चंदन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के संवर्धन का संकल्प लिया तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में आसनबनी हाई स्कूल के प्राचार्य अजीत महतो, आसनबनी पंचायत के मुखिया कृष्णा मुंडा, ज्योति परमार्थ ट्रस्ट के संरक्षक रंजीत प्रकाश सिंह, अध्यक्षा कुमकुम सिंह, कोषाध्यक्ष अर्पण कुमार, मोहित कुमार, आरपीएफ जवान अजय कुमार, विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सतत सामाजिक दायित्व है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण ही प्रकृति और मानव जीवन के संतुलन को बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार, आरपीएफ कर्मियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कुमकुम सिंह ने कहा कि ज्योति परमार्थ ट्रस्ट द्वारा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

