फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है. अधीक्षक की ओर से बार-बार समय पर अस्पताल आने और पूरा समय ड्यूटी करने का निर्देश देने के बावजूद कई डॉक्टर इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं.
दरअसल, शनिवार को उपाधीक्षक डॉ. जुझार मांझी अस्पताल पहुंचे और औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पाया कि कई ओपीडी में सीनियर डॉक्टर मौजूद नहीं थे. कई विभागों के ओपीडी तो समय पर खुले ही नहीं थे. निरीक्षण के दौरान ईएनटी, आर्थो, शिशु रोग और डेंटल विभाग में डॉक्टर मौजूद पाए गए, लेकिन मेडिसिन, सर्जरी और गायनी विभाग में सीनियर डॉक्टर नदारद थे.
वहीं मनोरोग विभाग का ओपीडी तो खुला ही नहीं था. उपाधीक्षक ने कहा कि अनुपस्थित डॉक्टरों की सूची बनाकर अधीक्षक और प्राचार्य को कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है. डॉ. मांझी ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेगा. अगर भविष्य में किसी भी डॉक्टर या कर्मचारी को ड्यूटी के समय अनुपस्थित पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी. गौरतलब है कि दो दिन पहले ही उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए थे कि सभी डॉक्टर और कर्मचारी समय पर ड्यूटी करें और आठ घंटे की सेवा पूरी करें.
इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा है. मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों के समय पर न आने से उन्हें काफी दिक्कत होती है. कई बार घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी इलाज नहीं मिल पाता. एमजीएम अस्पताल पूरे कोल्हान क्षेत्र के हजारों मरीजों की जीवनरेखा है, ऐसे में डॉक्टरों की लापरवाही सीधे मरीजों की जान से खिलवाड़ है.
