फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर की संस्था संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से अध्यक्ष मुनमुन चक्रवर्ती की पहल पर परसुडीह थाना परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने थाना के पुलिसकर्मियों की आंखों की जांच की तथा उन्हें नेत्र स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी।

शिविर के दौरान पुलिसकर्मियों की दृष्टि जांच, आंखों से संबंधित सामान्य समस्याओं की पहचान एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।

संस्था के अध्यक्ष मुनमुन चक्रवर्ती ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा और सेवा में लगे रहते हैं। उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी समाज की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से संस्था द्वारा यह निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया, ताकि पुलिसकर्मी अपनी आंखों की नियमित जांच कराकर स्वस्थ रह सकें।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की उपाध्यक्ष अल्पना भट्टाचार्य सहित मनीष, प्रदीप, एनिमा, दीप्ती, कुमकुम एवं अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने शिविर के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

परसुडीह थाना के पुलिसकर्मियों ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन एवं त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त किया।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version