25 फरवरी को मंगल कलश यात्रा के साथ अनुष्ठान का होगा शुभारंभ, 26 फरवरी को भव्य शोभायात्रा सह नगर भ्रमण
28 को दीपोत्सव एवं महभण्डारा का होगा आयोजन
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर लौहनगरीवासी इस वर्ष फिर से भक्ति की दिव्य धारा में डुबकी लगाने वाले हैं। सूर्य मंदिर समिति, सिदगोड़ा के तत्वाधान में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर स्थापना के छठवीं वर्षगांठ पर विभिन्न अनुष्ठान आगामी 25 फरवरी से 28 फरवरी तक सूर्य मंदिर परिसर में सुनिश्चित की गई है। रविवार को अनुष्ठान की तैयारी एवं आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी को लेकर भालूबासा स्थित होटल मिष्टी इन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने मंदिर परिसर में विराजमान श्री शिवलिंग के पुनर्स्थापना पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान सूर्य मंदिर समिति के उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा एवं सह मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सूर्य मंदिर परिसर में श्री अयोध्याधाम की तर्ज पर बने राम मंदिर के छठवीं वर्षगांठ पर चार दिवसीय विभिन्न अनुष्ठान का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। 25 फरवरी को सुबह 7 बजे बागुनहातु के डोंगा घाट से मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी और 26 फरवरी को संध्या 4 बजे सिदगोड़ा सूर्यधाम से भव्य शोभा यात्रा सह नगर भ्रमण होगा। बताया कि उप समिति के माध्यम से कार्यो को वर्गीकृत कर विभिन्न सदस्यों को व्यवस्थागत जिम्मेदारी दी गयी है। मंदिर समिति के सदस्य शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों के घर जाकर अयोजन में शामिल होने हेतु आमंत्रित कर रहे हैं। पूरे मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को आकर्षक एवं रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया है। आने वाले श्रद्धालुओं के सुविधा हेतु मंदिर समिति सभी पहलुओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने शहर के धर्मप्रेमियों से आयोजन में शामिल होने और पुण्यलाभ अर्जित करने का आग्रह किया।
वहीं, सूर्य मंदिर समिति के उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के निमित्त मंदिर परिसर में यज्ञशाला का निर्माण किया गया है। जिसमें श्री अयोध्याधाम से आ रहे विख्यात यज्ञाचार्य पंडित भूषण जी महाराज के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टोली प्राण प्रतिष्ठा के सभी अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से पूर्ण करेंगे। 28 फरवरी को संध्याकाल में भव्य दीपोत्सव का आयोजन होगा एवं महाप्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा।
किस दिन कौन से आयोजन होंगे
25 फरवरी- मंगल कलश यात्रा एवं पञ्चांगपुजन।
26 फरवरी- बेदी पूजन, अग्गण्यूतारण, अधिवासन एवं श्री विग्रह का नगर भ्रमण सह शोभा यात्रा।
27 फरवरी- अरणी मंथन, प्राण प्रतिष्ठा एवं यज्ञ हवन।
28 फरवरी- पूजन, सुन्दरनकाण्ड एवं संध्याकाल में दीपोत्सव के पश्चात महभण्डारा।

