फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के शहरी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने मंगलवार देर रात अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया. इस दौरान जिले के विभिन्न इलाकों में कुल 82 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर बिना कारण जुटे लोगों, संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की जांच की.

इस दौरान कुल 88 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जिनसे पूछताछ कर उनके पहचान पत्र और गतिविधियों की जांच की गई. वहीं, कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 44 वाहनों को जब्त किया. इन वाहनों के कागजातों की जांच में गड़बड़ी, बिना वैध दस्तावेज के संचालन जैसी बातें सामने आईं.

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के अनुसार यह अभियान शहर में कानून-व्यवस्था को सही करने और अपराध पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से चलाया गया. आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अड्डेबाजी, नशाखोरी और छोटे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.

आपको बता दें कि शहर के चौक चौराहों पर देर रात तक अड्डाबाजी लगातार बढ़ रही है. चाईबासा बस स्टैंड के पास अवैध अतिक्रमण, टाटानगर स्टेशन इन गेट, बागबेड़ा थाना स्टेशन टीओपी के पीछे, गुदड़ी बाजार, बागबेड़ा थाना के सामने डैनी की अवैध शराब दुकान, आसपास कई अवैध शराब बिक्री के स्थल भी, परसुडीह खासमहल चौक, बर्मामाइंस स्टार टॉकिज के पास, सेकेंड एंट्री गेट के पास, बर्मामाइंस दुर्गापूजा मैदान, जुगसलाई काली मंदिर के पास रात 10 बजे से भोर तक नशाखोरों की अड्डाबाजी हर दिन जारी रहती है.

स्थानीय पुलिस इस ओर एन केन प्रकरण ध्यान नहीं देती, जिससे आने वाले समय शहर की विधि व्यवस्था पर बड़ा धब्बा लग सकता है. सूत्र बताते हैं कि एन केन प्रकरेण ये अवैध ठेला खुमचा वाले अड्डेबाजों से छोटी मोटी कमाई के चलते उन्हें संरक्षण देते हैं. नशे का कारोबार भी बढ़ा रहे हैं. कई जगहों में कोलकाता के रेड अलर्ट एरिया सरेआम बना हुआ है. यह नजारा लौहनगर वासियों के साथ पुलिस प्रशासन को शर्मिंदा कर रहा है. सबसे मजेदार बात यह है कि इन स्थानों में पुलिस की गश्त जीप, टाइगर मोबाइल के आधुनिक वाहन भी शोभा बढ़ाते रहते हैं?

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version