फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में परसुडीह थाना पुलिस ने बुधवार तड़के गदड़ा भूमिज टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई करते हुए पिस्तौल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गदड़ा ड्राइवर कॉलोनी निवासी रौशन सिंह उर्फ पाका, बारिगोड़ा निवासी रौशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली और राहड़गोड़ा निवासी आनंद पॉल शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक लोडेड पिस्तौल भी बरामद की है। इस मामले में थाना प्रभारी अविनाश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गदड़ा प्राथमिक विद्यालय परिसर में कुछ युवक किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तड़के करीब 3:30 बजे स्कूल परिसर में छापेमारी की।
पुलिस की मौजूदगी देखते ही कई युवक मौके से फरार हो गए, जबकि तीन को दबोच लिया गया। इस मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों समेत कुल 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
