फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को एसटीएफ के डीआईजी इंद्रजीत महथा शहर पहुंचे और विभिन्न रामनवमी अखाड़ा जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने इलाकों का जायजा लिया और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने, अफवाहों पर नजर रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।
शहर में लगातार फ्लैग मार्च और रूट मार्च के जरिए लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया जा रहा है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
उनके आगमन पर एसएसपी कार्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे जिले की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद डीआईजी ने विशेष रूप से मानगो के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, निगरानी व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के उपायों का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता बरतने, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीएसपी मुख्यालय-1 भोला प्रसाद और डीएसपी यातायात नीरज पाठक समेत संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने डीआईजी को सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। डीआईजी इंद्रजीत महथा ने कहा कि रामनवमी जैसे बड़े पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्तर पर पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

