टाटा स्टील यूआईएसएल के मैनेजर ने 10-12 अज्ञात पर दर्ज कराई थी FIR, 70 किलो कॉपर बरामद
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर की बर्मामाइंस थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर में आग लगाकर कॉपर क्वायल चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किया गया लगभग 70 किलो ट्रांसफार्मर क्वायल भी बरामद किया है। मामले में साकची स्थित डोरी रोड निवासी और टाटा स्टील यूआईएसएल में मैनेजर के पद पर कार्यरत अजीत कुमार त्रिपाठी ने 18 फरवरी को बर्मामाइंस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में 10–12 अज्ञात लोगों पर ट्रांसफार्मर में आग लगाकर उसका कॉपर क्वायल चोरी करने का आरोप लगाया गया था। थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की और मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में चुन्ना भट्टा निवासी विनोद कर्मकार, अनिल दास उर्फ छोटा भकुआ और सिद्ध-कान्हु बस्ती निवासी अजय मांझी उर्फ हबीबुल शामिल हैं। सभी आरोपी पुराने चोर हैं. हबीबूल पर आरपीएफ पोस्ट में रेल संपत्ति चोरी का भी मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया करीब 70 किलो ट्रांसफार्मर कॉपर क्वायल बरामद कर लिया।

