फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खालसा क्लब के पास बुधवार रात करीब 10 बजे गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा हुआ है. टाइगर मोबाइल के जवान तबरेज की सतर्कता से बागबेड़ा निवासी मनीष मुखी उर्फ बिट्टू मुखी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी के पास से करीब चार किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, मनीष गांजा बेचने के उद्देश्य से खालसा क्लब के पास पहुंचा था. उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना टाइगर मोबाइल के जवान तबरेज को दी. सूचना मिलते ही तबरेज मौके पर पहुंचे और मनीष को पकड़ने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही मनीष बाइक से भागने लगा, लेकिन तबरेज ने पीछा करते हुए उसकी बाइक को रोकने की कोशिश की.

भागने के दौरान मनीष ने तेजी से बाइक भगाने का प्रयास किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. हालांकि, कुछ दूरी पर तबरेज ने साहस दिखाते हुए आरोपी की बाइक को रोक लिया और उसे जमीन पर लिटाकर पिस्तौल तान दी. इस दौरान हल्की झड़प भी हुई, जिसमें तबरेज को चोटें आईं.

घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई. फिलहाल पुलिस मनीष से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किस नेटवर्क के तहत गांजा तस्करी कर रहा था.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version