फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल ब्रिज के पास बीते 3 जनवरी की देर रात पुलिसकर्मी को धक्का मारकर फरार होने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमनदीप सिंह, अंकित मुखी और आदित्य मुखी शामिल हैं, जबकि इस मामले में एक अन्य युवक अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय-2 मनोज ठाकुर ने बताया कि 3 जनवरी की रात टैंगो दल के जवान हीरालाल महतो कदमा थाना क्षेत्र में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से वाहन समेत फरार हो गए। घायल जवान को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई गई।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार और आरोपियों की पहचान की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे सोशल मीडिया पर रील बनाने के उद्देश्य से इस खतरनाक हरकत को अंजाम दे रहे थे।
