नागरिकों की भावनाओं का ध्यान रखते हुए इस दिशा में तत्काल सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी : नौशीन खान 

फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर में जुगसलाई रेट पेयर्स एसोसिएसन के अध्यक्ष सरदार शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में जुगसलाई के 31 वरिष्ठ सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हिदायतुल्ला खान एव नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान से रविवार को उनके आवास में मिला. इस दौरान उन्हें अंग वस्त्र एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया. साथ ही एक ज्ञापन सौंप कर जुगसलाई नगर परिषद पार्क का नाम स्वर्गीय जोगी मिश्रा नगर परिषद पार्क करने का अनुरोध किया गया है.

ज्ञापन में कहा गया है कि स्वर्गीय जोगी मिश्रा ने अपने संपूर्ण जीवन काल में सामाजिक एवं जनकल्याण के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है तथा जुगसलाई नगर परिषद पार्क के निर्माण विकास एवं संरक्षण में उनका योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा है. ज्ञापन में कहा गया की व्यक्तिगत रूप से जोगी मिश्रा ने श्रमदान करते हुए इस पार्क की आधारशिला रखने, इसके विकास की रूपरेखा तैयार करने तथा इसे वर्तमान स्वरूप तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाई. उनके अथक प्रयासों से एक अनुपयोगी एवं पहाड़ीनूमा भूमि को समतल कर हरित एवं रमणीय स्थल के रूप में विकसित किया एवं वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने समाज के अनेक लोगों को भी इस कार्य में जुड़ने के लिए प्रेरित किया.

ज्ञापन में स्वर्गीय जोगी मिश्रा के अतुलनीय योगदान समाज सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों को चिरस्थाई सम्मान प्रदान करते हेतु जुगसलाई नगर परिषद पार्क का नामकरण स्वर्गीय जोगी मिश्रा नगर परिषद पार्क किए जाने का अनुरोध किया गया है. उक्त मौके पर नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान एवं हिदायतुल्लाह खान ने इस मांग पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों एवं उनके परिवार की भावनाओं का सम्मान निश्चित रूप से करेंगे, ताकि आने वाले पीढ़ियां भी उनके आदर्श समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण से प्रेरणा प्राप्त कर सके.

इस मौके पर सरदार शैलेंद्र सिंह के अलावा स्वर्गीय जोगी मिश्रा के पुत्र चाणक्य मिश्रा, बड़े दामाद पंकज कुमार झा एवं मित्र गुरमुख सिंह भी साथ में थे. वहीं जुगसलाई के वरिष्ठ नागरिकों में मोहम्मद सूबेद, जयप्रकाश सिंह जेनू, बृज तिवारी, सुनील गुप्ता, अजय कुमार पांडे, मनमोहन, उमाशंकर परिहार, रणजीत सिंह, शंभू शरण साहू, शिव कुमार, मनोज साहू, हरविंदर सिंह, सुनील शर्मा, अभिषेक शर्मा, अमृतपाल सिंह मोनू, शिव कुमार बरनवाल, उषा देवी एवं भारी संख्या में कई अन्य लोग शामिल थे.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version