जल्द नहीं बनी तो चक्का जाम की चेतावनी
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्र परसुडीह-गोविंदपुर जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर हालत को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों के सब्र का बांध टूट गया. बदहाल सड़क से नाराज ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने सुबह ही मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर जमकर नारेबाजी की. कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परसुडीह-गोविंदपुर मुख्य सड़क पिछले दो दशक से बदहाल स्थिति में है. सड़क की ऊपरी सतह पूरी तरह उखड़ चुकी है और इसपर बड़े-बड़े गड्ढे निकल आए हैं. ऐसे में वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों का इस मार्ग से गुजरना दूभर हो गया है. लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार उनकी मांग को अनसुना कर दिया गया.
लोगों ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित विभाग और ठेकेदार पूरी तरह विफल साबित हुए हैं. ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की इस खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. स्थानीय लोगों ने दावा किया कि इस मार्ग पर हुए कई गंभीर हादसों में अब तक कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं. इसके बावजूद प्रशासन व जनप्रतिनिधि की कुंभकर्णी नींद नहीं टूट रही है, जिससे लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
सड़क जाम और भारी हंगामे की सूचना मिलने पर सम्बंधित विभाग के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. हालांकि, ग्रामीण सड़क निर्माण को लेकर स्पष्ट और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे. काफी समझाने और जल्द ही ठोस पहल करने के आश्वासन के बाद जाम को हटाया गया. ग्रामीणों ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर चक्का जाम किया जाएगा.

