Jamshedpur: जुगसलाई ओवरब्रिज की खराब लाइटें जल्द दुरुस्त हों, नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं: अनिल मोदी

SHARE:

जुगसलाई ओवरब्रिज की खराब लाइटें ठीक हों

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर में जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद एवं भाजपा नेता अनिल मोदी ने जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से जुगसलाई ओवरब्रिज की खराब हो चुकी प्रकाश व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्षों के जनआंदोलन के बाद जुगसलाई की जनता को यह ओवरब्रिज मिला था, जो आज शहर के प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में हजारों लोगों की आवाजाही का केंद्र है। ऐसे में इसकी बदहाल स्थिति चिंता का विषय है।

80 प्रतिशत एलईडी लाइटें खराब, अंधेरे में डूबा ओवरब्रिज

अनिल मोदी ने बताया कि ओवरब्रिज के निर्माण के समय इसकी सुंदरता बढ़ाने के लिए सभी पिलरों पर रंग-बिरंगी एलईडी लाइटें लगाई गई थीं। इन लाइटों से रात के समय पूरा ओवरब्रिज आकर्षक दिखाई देता था, लेकिन वर्तमान में करीब 80 प्रतिशत लाइटें खराब हो चुकी हैं। परिणामस्वरूप ओवरब्रिज का अधिकांश हिस्सा अंधेरे में रहता है।

Gambhir Car Associate Motion Ads Motion Ads

जुगसलाई ओवरब्रिज की खराब लाइटें ठीक हों

उन्होंने कहा कि बिष्टुपुर की ओर से प्रवेश करने पर कुछ लाइटें जलती हुई दिखाई देती हैं, लेकिन बीच के हिस्से में पहुंचते ही अधिकांश लाइटें बंद मिलती हैं। इससे न केवल ओवरब्रिज की सुंदरता प्रभावित हुई है, बल्कि रात में आने-जाने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

रखरखाव एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग

भाजपा नेता ने कार्यपालक पदाधिकारी से सभी खराब लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि वर्तमान रखरखाव एजेंसी अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रही है, तो उसे कड़ी चेतावनी दी जाए। आवश्यकता पड़ने पर नई एजेंसी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से किसी प्रकार का समझौता न हो।

ओवरब्रिज की नियमित साफ-सफाई पर भी दिया जोर

अनिल मोदी ने ओवरब्रिज पर बढ़ती गंदगी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कभी अपनी स्वच्छता और आकर्षक स्वरूप के लिए पहचान रखने वाला जुगसलाई ओवरब्रिज अब रखरखाव के अभाव में गंदा नजर आने लगा है।

उन्होंने मांग की कि जिस एजेंसी को प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है, उसे नियमित साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी सौंपी जाए या इसके लिए अलग से प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना था कि जुगसलाई का यह प्रमुख प्रवेश द्वार स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित रहना चाहिए, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों पर भी शहर की सकारात्मक छवि बने।

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें