फतेह लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर द्वारा सोमवार को बिष्टुपुर स्थित चेंबर ऑफ कॉमर्स भवन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण पर्व के अवसर पर भव्य छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं, प्रबुद्धजनों तथा भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी मुख्य अतिथि, भाजयुमो झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज मुख्य वक्ता तथा भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।

डॉ. मुखर्जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा: शशांक राज
मुख्य वक्ता शशांक राज ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, त्याग और सेवा की भावना को आत्मसात कर राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय योगदान दें।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि युवा डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लें, तो भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना और अधिक तेजी से साकार हो सकता है।
अनुच्छेद 370 हटना डॉ. मुखर्जी के संकल्प की पूर्ति: डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में लागू विशेष व्यवस्था का विरोध करते हुए “एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का नारा दिया था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार किया गया और जम्मू-कश्मीर का पूर्ण एकीकरण सुनिश्चित हुआ।
उन्होंने अपने संबोधन में कश्मीर के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य और तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की नीतियों की आलोचना की। साथ ही कहा कि डॉ. मुखर्जी की दूरदर्शिता के कारण पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न हिस्सा बना रहा।
राष्ट्रवादी विचारों को युवाओं तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर भाजयुमो जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष एवं कोल्हान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने सभी अतिथियों, छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाने के लिए निरंतर अभियान चलाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रवाद की भावना आज भी युवा पीढ़ी में मजबूत है।
कार्यक्रम में प्रदीप मुखर्जी, अमिताभ सेनापति, प्रकाश दुबे, रीता मिश्रा, संजीव कुमार, नीलू मछुआ, शैलेश गुप्ता, राहुल तिवारी, चंदन चौबे, अभिषेक डे सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




