फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर जिला प्रशासन इन दिनों सड़क सुरक्षा माह मना रहा है, जिसके तहत लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला प्रशासन द्वारा एक अनोखा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को दंडित करने के बजाय उन्हें माला पहनाई गई और फूल देकर स्वागत किया गया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को सकारात्मक तरीके से नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना था, ताकि वे गलती को समझें और भविष्य में दोबारा ऐसा न करें।

मौके पर यमराज का रूप धारण किए एक कलाकार ने लोगों को यह संदेश दिया कि लापरवाही से वाहन चलाना मौत को दावत देने जैसा है। यमराज के प्रतीकात्मक रूप ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर किया कि एक छोटी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।

कार्यक्रम में मौजूद जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय और यातायात डीएसपी नीरज ने स्वयं वाहन चालकों को फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों की संख्या को कम करना है।

अधिकारियों ने लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। जिला प्रशासन का मानना है कि सख्ती के साथ-साथ जागरूकता से ही सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version