फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित एक्सएलआरआई गोलचक्कर के पास शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हाता से पटना जा रहा स्टील (आयरन स्पंज) से लदा 10 चक्का ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गलत दिशा से आ रही दो बाइकों को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगाया, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे के तुरंत बाद दोनों बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
दुर्घटना में ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से पलटे ट्रक से सामान निकालकर दूसरे वाहन में लोड किया गया, ताकि यातायात प्रभावित न हो। हालांकि, लोगों ने आरोप लगाया कि घटना सुबह हुई, लेकिन पुलिस करीब 11 बजे मौके पर पहुंची, जिससे पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मरीन ड्राइव–एक्सएलआरआई गोलचक्कर क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने यहां ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

