फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के जेम्को क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी करनदीप सिंह ने शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के नवनियुक्त उपायुक्त राजीव रंजन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान करनदीप सिंह ने उपायुक्त को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और उन्हें जिले के नए पदभार के लिए शुभकामनाएँ दीं।
मुलाकात के दौरान समाजसेवी ने क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं की ओर उपायुक्त का ध्यान आकर्षित कराया। चर्चा का मुख्य केंद्र जेम्को कालीमाटी विद्यालय की स्थिति रही। करनदीप सिंह के अनुरोध पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि विद्यालय में जल्द ही नए भवन का निर्माण कराया जाएगा, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
इसके साथ ही उपायुक्त ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जल्द ही विद्यालय परिसर का भ्रमण करने की भी बात कही। उपायुक्त की इस सकारात्मक पहल और त्वरित आश्वासन पर करनदीप सिंह ने उनका आभार व्यक्त किया।

