फतेह लाइव, रिपोर्टर.
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के विचारों का समर्थन करते हुए कहा कि यह बिल महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन इसमें कई खामियां भी हैं, जिन्हें दूर किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं की भागीदारी और अधिकारों की पक्षधर रही है। राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी ने स्पष्ट रूप से यह मांग की है कि महिला आरक्षण बिल को जल्द से जल्द लागू किया जाए और इसमें ओबीसी वर्ग की महिलाओं के लिए भी उचित आरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि समाज के सभी वर्गों की महिलाओं को समान अवसर मिल सके।
परविंदर सिंह ने आगे कहा कि केवल बिल पास करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसे पारदर्शी और प्रभावी तरीके से लागू करना भी उतना ही आवश्यक है। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है, तो उसे इस बिल में आवश्यक संशोधन कर सभी वर्गों की महिलाओं को न्याय देना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि महिला आरक्षण बिल को बिना किसी देरी के लागू किया जाए और इसमें सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को शामिल किया जाए, ताकि देश की आधी आबादी को उनका हक मिल सके। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के अधिकारों के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

