फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के शहर के प्रसिद्ध योग गुरु और सरकार योगा एकेडमी के संस्थापक सह वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन ऑफ योगासना स्पोर्ट्स इंडिया (भारत) के अध्यक्ष अंशु सरकार को वियतनाम में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह में भाग लेने का आमंत्रण मिला है. यह कार्यक्रम ‘हील योगा’ संस्था द्वारा आयोजित किया जा रहा है.

वियतनाम स्थित ‘हील योगा’ संस्था के मास्टर रवि शंकर कुमार ने ईमेल के माध्यम से अंशु सरकार को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा है. अंशु सरकार ने जानकारी देते हुए बताया कि वे 29 अप्रैल को वियतनाम के लिए रवाना होंगे और 3 मई को भारत वापस लौटेंगे.

उन्होंने कहा कि योग के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए वहां उनका विशेष स्वागत और सम्मान किया जाएगा. यह उनके लिए ही नहीं, बल्कि जमशेदपुर और देश के लिए भी गौरव का विषय है. अंशु ने बताया कि वियतनाम में उनके कई विद्यार्थी प्रशिक्षण ले रहे हैं. साथ ही सरकार योगा एकेडमी के कई छात्र वियतनाम में रहकर अन्य लोगों को प्रशिक्षण दे रहे हैं.

उन सभी से मिलने और उनके प्रदर्शन को देखने का अवसर भी इस यात्रा के दौरान मिलेगा. इस कार्यक्रम के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग के प्रचार-प्रसार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. स्थानीय स्तर पर भी इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है. योग प्रेमियों और उनके शिष्यों ने अंशु सरकार की इस सफलता पर खुशी जताई है और उनके सफल यात्रा की कामना की है.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version