फतेह लाइव, रिपोर्टर.
गृह मंत्रालय द्वारा जारी रैंकिंग ऑफ पुलिस स्टेशन 2025 की वार्षिक रिपोर्ट में सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना ने पूरे देश में चौथा स्थान प्राप्त कर झारखंड राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि जिले और राज्य की पुलिसिंग व्यवस्था के लिए गर्व का विषय है। उल्लेखनीय है कि गृह मंत्रालय द्वारा प्रत्येक वर्ष देशभर के पुलिस थानों का व्यापक सर्वेक्षण कर रैंकिंग जारी की जाती है। इस सर्वे में थानों का मूल्यांकन कई महत्वपूर्ण मानकों पर किया जाता है।
वर्ष 2025 के लिए किए गए सर्वेक्षण में सीसीटीएनएस डेटाबेस की समीक्षा, अपराध के आंकड़े, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराधों की स्थिति, मामलों का निष्पादन, चार्जशीटिंग की दक्षता, थाने का बुनियादी ढांचा, स्वच्छता, आईटी संसाधन, फोरेंसिक सुविधा, पुलिस संचार, डिजिटल रिकॉर्ड, प्रो-एक्टिव पहल, नागरिकों का फीडबैक तथा आमजन के प्रति पुलिसकर्मियों के व्यवहार जैसे पहलुओं को शामिल किया गया।
स्वतंत्र एजेंसी द्वारा ग्राउंड सर्वे के बाद रायपुर में राष्ट्रीय रैंकिंग की घोषणा की गई, जिसमें देश के शीर्ष दस पुलिस थानों को स्थान दिया गया। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौका थाना ने देशभर के 18 हजार से अधिक थानों में चौथा स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर सरायकेला-खरसावां एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने तत्कालीन थाना प्रभारी बजरंग महतो सहित चौका थाना में पदस्थापित सभी पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरी जिला पुलिस टीम के समर्पण, अनुशासन और सेवा ही लक्ष्य की भावना का परिणाम है, जो आगे और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रेरणा देता है।
