फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड में हजारीबाग के जय प्रकाश नारायण केंद्रीय कारा से 31 दिसंबर 2025 की रात फरार हुए तीन सजायाफ्ता कैदियों को हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार कैदियों को ट्रांजिट रिमांड पर हजारीबाग लाया गया है। जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर की सुबह करीब सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि बीती रात करीब डेढ़ बजे तीन कैदी जेल से फरार हो गए हैं।
जांच में सामने आया कि कैदियों ने वार्ड की खिड़की का रॉड काटा, बेडशीट के सहारे नीचे उतरे और दीवार फांदकर फरार हो गए। फरार कैदियों की पहचान देवा भुईयों उर्फ देव कुमार भुईयों, राहुल रजवार और जितेंद्र रवानी के रूप में हुई है। तीनों आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। इस मामले में लोहसिंघना थाना में कांड दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद के नेतृत्व में तीन विशेष जांच दल गठित किए गए। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी जसीडीह होते हुए पुणे एक्सप्रेस से महाराष्ट्र पहुंचे थे। इसके बाद 6 जनवरी 2026 को सोलापुर जिले के करमाला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरटी स्थित एक ईंट-भट्ठा से तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
