तड़ीपार मनीष सिंह के प्रत्याशी विशेष के पक्ष में लोगों को फोन करने पर बढ़ गई फुसफुसाहट

दूसरे प्रत्याशी का प्रचार करनेवालों के मोबाइल की घनघनबाई घंटी, कड़ा संदेश भी दिया गया

चरणजीत सिंह.

जमशेदपुर के जुगसलाई नगर पर्षद के चुनाव में सीधे अपराध जगत का हस्तक्षेप हो चुका है. खुद को अपराध जगत का बड़ा चेहरा बनाने की कोशिश में लगे गैंगस्टर मनीष सिंह जुगसलाई के लोगों के मोबाइल की घंटी घनघना रहा है. मेयर का चुनाव लड़ रही एक दमदार चेहरे के लिए लोगों को वोट देने को कह रहा है. बता रहा है कि वो महिला उसके परिवार से जुड़ी हुई है. बातचीत का लहजा कड़ा है. चेतावनी भरा. मनीष सिंह की चुनावी इंट्री की चर्चा जुगसलाई के लोगों में तेजी से फैल रही है, विशेष कर व्यापारी वर्ग में.

मनीष सिंह जुगसलाई का रहने वाला हैं. कुछ साल पहले तक मनीष सिंह जुगसलाई के लोगों के लिए अपने बीच का युवक रहा है. धीरे धीरे मनीष सिंह अपराध की ओर बढ़ता चला गया. यद्यपि, जुगसलाई का इतिहास है कि लोग किसी अपराधी को लंबे समय तक बर्दास्त नहीं करते. हालांकि, अभी जो हालत है, उसमें तत्काल कोई मनीष के खिलाफ सामने आने से परहेज कर रहा है.

जुगसलाई थोक व्यापार की मंडी है. मनीष के चुनावी इंट्री से सबके कान खड़े हो चुके हैं. बाटा चौक, सुरती चौक, नया बाजार, गौशाला चौक, वीर कुंवर सिंह चौक से लेकर जहां भी जाइए, मनीष सिंह की चुनावी सक्रियता के बारे में कुछ न कुछ सुनने को मिल जाएगा. इससे आम तौर पर शांत मिजाज के लोग भीतर ही भीतर खदबदा गए हैं. यह भी बड़ा चुनावी मुद्दा बन गया है.

आपको बता दें कि सोनारी में सट्टे के लेनदेन के विवाद में टिंकू साव की हत्या कर दी गई थी. उस घटना के बाद मनीष चर्चा में आया था. इसके अलावा आर्म्स एक्ट, जुगसलाई में कांग्रेस नेता पर फायरिंग समेत कई मामले उस पर दर्ज हैं. फिलहाल, उसके अपराधिक इतिहास को देखते हुए प्रशासन ने उसे तड़ीपार किया हुआ है. सूत्र बताते हैं कि मनीष सट्टा के कारोबार को बेखौफ चला रहा है. इसे लेकर धंधे से जुड़े कारोबारियों में फिर लेनदेन का विवाद अंदर ही अंदर चिंगारी बन रहा है.

सिटी एसपी शुभाशीष बोले, लोगों को तड़ीपार से डरना नहीं चाहिए

जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शुभाशीष ने इस मामले में कहा कि जुगसलाई के लोगों को किसी तड़ीपार से डरना नहीं चाहिए. यदि दिल्ली या कही और बैठ कर मनीष जैसे अपराधी किसी को धमकाने या प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं तो गोपनीय सूचना दे. पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों की नींद हराम हो जाएगी.

सिटी एसपी ने कहा कि सिर्फ दो दिन के भीतर मनीष से जुड़े नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. यह कार्रवाई उसके नेटवर्क को ध्वस्त करने वाली है. मनीष के चुनाव में धमकाने की लिखित शिकायत नहीं मिली है. इसके बावजूद पुलिस की कोशिश है कि लोग भयमुक्त रहें. दो दर्जन व्यापारियों से भी इसे लेकर पूछताछ की गई थी.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version