फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड के खूंटी जिला में तोरपा चौक नगर भवन के पास सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीन अपराधी मां दुर्गा गैस एजेंसी के संचालक नागेंद्र साहू के घर के सामने पहुंचे और उनकी महिंद्रा कार पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं।
फायरिंग में कार को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही तोरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा बरामद किए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
