जमीनी विवाद में भाई और भाभी की गोलियां मारकर हत्या, टिनप्लेट गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान सेमे के भाई अमरजीत सिंह अम्बे ने किया सरेंडर
इधर, 10 नंबर बस्ती पदमा रोड में बेटी के मायके में पसरा मातम, लाइसेंसी रिवाल्वर से दिया घटना को अंजाम, कार्रवाई शुरू
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
पंजाब में गुरदासपुर जिला के नैनेकोट गांव थाना कानोवाल में मंगलवार देर शाम रिश्तों को तार-तार करने वाली एक बड़ी घटना सामने आई. जहां जमीनी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने भाई और भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी. यह मामला झारखंड के जमशेदपुर से जुड़ा है. सिख समाज में जोरों से इसकी चर्चा हो रही है.
घटना के बाद खुद थाना पहुंच गये अमरजीत
जानकारी के अनुसार गुरदासपुर के थाना काहनूवान में पड़ते गांव नैनेकोट में जमीनी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से अपने भाई व भाभी की गोलियां मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपित खुद ही जाकर थाना काहनूवान में पेश हो गया, हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस पार्टी का दावा है कि उन्होंने आरोपित को खुद काबू किया है.
सिख समाज में हो रही घटना की चर्चा
जानकारी के मुताबिक गांव नैनेकोट निवासी अजायब सिंह, अमरजीत सिंह अम्बे और तरसेम सिंह सेमे तीनों पुत्र हरभजन सिंह जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना इलाके के सुखिया रोड के रहने वाले हैं. जमशेदपुर से अजायब सिंह पूर्व में ही पैतृक गांव चले गए थे, जबकि उनके भाई अमरजीत सिंह अम्बे करीब डेढ़ साल पहले अपने गांव नैनेकोट में शिफ्ट हुए थे और खेतीबाड़ी का काम करते थे. बड़े भाई तरसेम सिंह सेमे फिलहाल जमशेदपुर में ही रहते हैं, लेकिन घटना के वक्त या फिर कहें तो पिछले कुछ दिनों से वह भी पंजाब में ही गए हुए थे. सेमे टिनप्लेट गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान हैं. ऐसे में टिनप्लेट का चुनाव छोड़कर वहां जाना कुछ पारिवारिक विवाद की ओर इशारा करता है, जिसकी चर्चा जोर शोर से जमशेदपुर के सिख समाज में हो रही है.
नौ एकड़ जमीन को लेकर चल रहा था झगड़ा
दोनों भाईयों में पिछले कुछ समय से गांव में स्थित नौ एकड़ जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था. इसी बीच मंगलवार की देर शाम करीब आठ-साढ़े आठ बजे अजायब सिंह अपनी पत्नी कमल कौर के साथ गांव में ही सैर कर रहा था. कुछ देर बाद कमल कौर अपने घर आ गई.
इसी बीच अमरजीत सिंह अपने भाई अजायब सिंह के पास पहुंच गया. जहां पर फिर से दोनों में कोई बात हुई और अमरजीत सिंह अम्बे ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद अमरजीत भाई अजायब सिंह के घर पहुंचा और उसकी पत्नी को भी गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया.
आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई शुरू
बताया जा रहा है कि आरोपित घटना के बाद खुद ही थाना काहनूवान में पहुंच गया और सारी घटना बता दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर तुरंत कार्रवाई शुरू की. घटना स्थल पर पहुंचे डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
अजायब की पत्नी का सिदगोड़ा में है मायके
अमरजीत सिंह अम्बे ने अपने छोटे भाई अजायब सिंह और उसकी पत्नी को मौत के घाट उतारा. बताया जाता है की मृतिका कोमल कौर का सिदगोड़ा 10 नंबर बस्ती स्थित पदमा रोड में ही मायके है. जैसे ही रात 10 बजे तक घटना की जानकारी जमशेदपुर में आग की तरह फैली, तो इसकी चर्चा होने लगी. कोमल कौर के मायके में मातम पसर गया. रोने की चीत चित्कार इलाके में गूंजने लगी. रिश्तेदार सगे सम्बन्धी आसपास के लोग उनके घर जुटने लगे. बता दें कि कोमल के भाई जमशेदपुर में अधिवक्ता हैं.
बिल्ला पर भी चलवाई थी गोलियां
अमरजीत सिंह अम्बे पर जमशेदपुर में भी हत्या, हत्या की साजिश समेत कई केस दर्ज हैं. सीजीपीसी के महासचिव और टिनप्लेट गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान गुरचरण सिंह बिल्ला पर सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में गुरुद्वारा जाते वक्त जानलेवा हमला हुआ था. उसमें उन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ी थी. गुरदासपुर पुलिस ने अपने सोशल अकॉउंट में घटना की जानकारी साझा की है और आगे सख्त कार्रवाई किये जाने की बात कही है.
https://www.facebook.com/share/v/1TphznJxde/ इस लिंक को खोलकर देखें पंजाब पुलिस का बयान

