फतेह लाइव, रिपोर्टर.
राजधानी रांची जिला के ग्रामीण इलाके तमाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम लोधमा में एक युवक की ज़हर देकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेम संबंधों में बाधा बनने पर आरोपी भाभी ने अपने पति के साथ मिलकर देवर को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
9 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि लोधमा गांव में एक युवक की ज़हर खाने से मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की। परिजनों द्वारा युवक शंकर नायक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रेम प्रसंग बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि शंकर नायक के माता-पिता की करीब तीन वर्ष पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद गीता देवी ही उसके घर का कामकाज संभालती थी। इसी दौरान गीता देवी और शंकर नायक के बीच प्रेम संबंध हो गया।
जब शंकर नायक ने शादी करने के लिए लड़की देखनी शुरू की, तो गीता देवी इसका विरोध करने लगी। वह नहीं चाहती थी कि शंकर नायक शादी कर अपना परिवार बसाए। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने पति के साथ मिलकर शंकर नायक की हत्या की साजिश रच डाली।
चाय में मिलाया कीटनाशक
तय योजना के अनुसार आरोपियों ने शंकर नायक की चाय में कीटनाशक दवा मिला दी। चाय पीते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और मुंह से झाग निकलने लगा। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।


