फतेह लाइव, रिपोर्टर.
रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर ट्रेन संख्या 18603 एक्सप्रेस में अपने परिवार को विदा कर रहे एक यात्री के बच्चे के गले से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट अज्ञात व्यक्ति द्वारा छीन लिया गया था। शिकायत प्राप्त होने पर आरपीएफ द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई।
सीसीटीवी स्टाफ की सूचना पर आरपीएफ पोस्ट रांची, डिविजनल TOP-B टीम एवं CIB रांची की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम ऋतिक मिश्रा, निवासी बोकारो (झारखंड) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट, एक काला बटुआ एवं पैन कार्ड की प्रति बरामद की गई।
शिकायतकर्ता अजय कुमार सिन्हा द्वारा बरामद लॉकेट की पहचान अपने बच्चे के लॉकेट के रूप में की गई। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत आरोपी एवं बरामद सामान को GRP/रांची को सुपुर्द कर दिया गया, जहां संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
इस सराहनीय कार्य में आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार, उप निरीक्षक अश्वनी कुमार, स्टाफ मयंक सिंह, डिविजनल TOPB टीम के एएसआई अनिल कुमार, स्टाफ राज कुमार सिंह, हेमंत तथा CIB/रांची की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

