फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में पटमदा डिमना लेक से सटे बोड़ाम थाना क्षेत्र के मिर्जाडीह स्थित बंद पड़ी आइसक्रीम फैक्ट्री में सोमवार को पुलिस ने छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। ग्रामीणों की सूचना पर हुई कार्रवाई में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो नामजद आरोपी फरार हैं।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे मिर्जाडीह, हलूदबनी, सीमागोड़ा, कुलटांड़, पातीपानी और गेरूआ समेत आसपास के गांवों में बच्चा चोरी की अफवाह तेजी से फैल गई। सैकड़ों ग्रामीण ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल के पास जमा हो गए, जहां एक महिला को अकेले घूमते देख उस पर संदेह जताया गया। हालांकि हलूदबनी निवासी धन बहादुर ने लोगों को समझाते हुए बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और लायलम पंचायत के रापाचा गांव की रहने वाली है। उसके बच्चे की असामयिक मौत के बाद पति-पत्नी दोनों मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। इसके बाद मामला शांत हो गया।
दोपहर करीब 12 बजे फदलोगोड़ा काली मंदिर जाने वाली सड़क किनारे स्थित बंद पड़ी आइसक्रीम फैक्ट्री में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। कुछ युवकों ने पीछे के गेट से अंदर झांककर देखा तो वहां युवतियां मौजूद थीं। मौके पर मौजूद संचालक सासाराम (बिहार) निवासी सुमित उर्फ शांतनु उर्फ डिसूजा से पूछताछ की गई तो उसने ग्रामीणों को धमकाने की कोशिश की। इससे आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और पुलिस को सूचना दी।
पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में बोड़ाम पुलिस ने छापेमारी की। एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे हथौड़े से तोड़कर पांच युवतियों को बाहर निकाला गया। मौके से संचालक सुमित और उसका सहयोगी अभिषेक दास को भी गिरफ्तार किया गया। आपत्तिजनक सामान भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सासाराम (बिहार) का शांतनु कुमार, पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर बालीगंज थाना क्षेत्र का अभिषेक दास, कल्याणी थाना क्षेत्र के हलद्वारपुर की सरहुल विश्वास, बांकुड़ा की रिंकू दास, सोनाखली की आयनु लका, न्यू गुड़िया की रेखा शेख और ओड़िशा के नंदापा की अनुसुइया दास शामिल हैं।
वहीं मानगो मुंशी मुहल्ला ईमामबाड़ा के पास का परवेज आलम उर्फ मुन्ना मोटू और मकान मालिक नामजद होकर भी फरार हैं। बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार के बयान पर कुल 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मंगलवार को गिरफ्तार सातों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

