प्रधान भगवान सिंह ने 34 गुरुद्वारा के सेवादारों को दिया संदेश, दरबार साहेब के इर्द गिर्द रहें सचेत 

भारत सरकार से सभी प्रदेशों में यह कानून लाने की उठाई गई आवाज

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

सिखों के हाजर नाजर गुरु, जागती जोत साहेब श्री गुरुग्रंथ साहेब से सम्बंधित घटनाओं पर पहरा देने वाले नया कानून लाने के लिए पंजाब सरकार खासकर मुख्यमंत्री भगवंत मान का जमशेदपुर कोल्हान के सिखों की सर्वोच्च संस्था सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) ने जोरदार स्वागत किया है. इस कानून को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया का अनुमोदन मिलने के बाद सीजीपीसी के प्रधान भगवान सिंह ने एक बयान जारी करते हुए मुख्यमंत्री समेत पूरी कैबिनेट को धन्यवाद किया है. राज्यपाल को भी बधाई दी है. उन्होंने कहा कि यह शोध बिल अब तक का सबसे कठिन था, जिसे पास करके पंजाब सरकार ने देश विदेश में बस रहे सिखों का दिल जीतने का काम किया है. इससे सिखों के जगत गुरु श्री गुरुग्रंथ साहेब की अपवित्रता (बेअदबी) रोकने के मामले शत प्रतिशत कम होंगे. ऐसी घटना को कारित (अंजाम) देने वालों के लिए बिना वारंट गिरफ्तारी, 20 साल का कारावास, दस लाख तक जुर्माने के प्रावधान लाये गए हैं, जो पवित्र ग्रंथ को अमर्यादित करके सिखों की भावना को ठेस पहुंचाने वाले बदमाशों के लिए सख्त कदम हैं.

भगवान सिंह ने कहा कि यह पंजाब में यह तीसरी सरकार है, जिसने यह सख्त बिल पास किया. लेकिन आप सरकार ने कानून को कड़ा करके समुचित सिख कौम का मान बढ़ाया है. यह बिल श्री गुरुग्रंथ साहेब को जलाने, फाड़ने, चोरी करने या किसी भी रूप में अपमान करने के परिभाषित करता है. इस बिल की खास बात यह है की ऑनलाइन सामग्री भी शामिल है. मसलन, सोशल मीडिया पर भी सिखों के धार्मिक मामलों को ठेस पहुंचाना अब महंगा साबित होगा. वरीय पुलिस अधिकारी जिसमें सहायक और डिप्टी कमीशनर ऐसे मामलों की जांच करेंगे, यह निर्देश भी बहुत सराहनीय है. सीजीपीसी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि सिखों की सेवा भावना को देखते हुए यह कानून सभी प्रदेशों में शीघ्र लागू किया जाये.

सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह ने कोल्हान के 34 गुरुद्वारा कमेटियों के मुख्य सेवादारों (प्रधान से मेंबर तक) को यह अपील की है कि पंजाब का यह बिल पास होने के बाद भी सबको सचेत रहने की जरूरत है. उन्हें निर्देशित किया जाता है कि गुरुद्वारा के इर्द गिर्द इलाके को सीसीटीवी की विशेष निगरानी में रखें. सुबह शाम के नितनेम में गुरु दरबार में हाजरी भरें और अपने गुरु का सतकार करने में किसी भी तरह का परहेज ना करें.

सीजीपीसी प्रधान के अलावा चेयरमैन, शैलेन्द्र सिंह, गुरमीत सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, गुरचरण सिंह बिल्ला, सुखविंदर सिंह राजू, हरविंदर सिंह मंटू, सुखदेव सिंह बिट्टू, अजीत गंभीर, परविंदर सिंह सोहल, मंजीत सिंह खालसा आदि कई पदाधिकारियों ने पंजाब सरकार का धन्यवाद किया है और एक स्वर में श्री गुरुग्रंथ साहेब का सतकार करने और विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों में उसे अमल में लाने का बीड़ा उठाया है.

 

 

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version