फतेह लाइव, रिपोर्टर.
सीकेपी डिवीजन में आरपीएफ के सीनियर कमाडेंट पी शंकर कुट्टी के निर्देश पर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ आरपीएफ की उड़नदस्ता टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है. शुक्रवार देर रात आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत दो गांजा तस्करों को 6.8 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया गया.
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार दोनों तस्कर ओडिशा के तुसरा से ट्रेन संख्या 18006 सम्बलेश्वरी एक्सप्रेस के माध्यम से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे. यहां से वे पटना होते हुए बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले जाने की योजना बना रहे थे. इसी बीच आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया गया.
जांच के दौरान दो संदिग्धों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं. जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से कुल 6.8 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया. मौके पर ही दोनों को हिरासत में ले लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शर्मा यादव और सत्यनारायण साहनी के रूप में हुई है. दोनों बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रूपही टांड गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
बरामद गांजा को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है. रेल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
