फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

झारखंड हाईकोर्ट के आदेश पर टाटानगर इंजीनियरिंग विभाग ने टाटानगर स्टेशन चौक से कीताडीह और खासमहल रोड की दुकानों पर गुरुवार को बुलडोजर चलाने की सारी तैयारी कर ली है. जमीन खाली कराने से पहले बुधवार दोपहर और शाम को माइक से घोषणा कर दुकानदारों को तोड़ने की जानकारी दी गई. 

रेलवे की घोषणा किये जाने के बाद स्टेशन इलाके में हड़कंप मच गया. रात 10 बजे तक व्यवसायी दुकान खाली करते हुए देखे गए. गोलपहाड़ी मोड़ पर एक चश्मे की हाई प्रोफाइल दुकान थी. उसे पूर्ण रूप से खाली किया जा चुका था. दुकानों को तोड़ने का अभियान गुरुवार दिन में 10 बजे शुरू होगा. दुकानों से लोगों द्वारा सामान निकाल लेने की उम्मीद है.

अभियान के दौरान शांति बनाए रखने के लिए रेलवे द्वारा पुलिस और आरपीएफ को पत्र दिया गया. दंडाधिकारी भी नियुक्त हो गए हैं. मालूम हो कि टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास के तहत रेलवे ने कीताडीह व खासमहल रोड में 32 दुकानों को नोटिस भेजा था. इससे पूर्व 16 जनवरी को 16 दुकानों को बुलडोजर से तोड़ा जा चुका था. हाईकोर्ट में अर्जी देने से बाकी 16 दुकानें नहीं तोड़ी गई थी , जिसे हाईकोर्ट के आदेश पर गुरुवार को तोड़ा जाएगा.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version