फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकद और गहनों सहित करीब दो लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना जोन नंबर 3 स्थित हरि मंदिर के पास रहने वाले सुरेश गोप के घर की है। जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान तीन की संख्या में चोर घर में घुस आए। चोरों ने सबसे पहले अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखी चाबी से लॉकर खोलकर नकद राशि और गहनों की चोरी कर ली।

चोर ने पत्नी का दबाया गला

घटना के दौरान चोरों ने मोबाइल फोन भी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन तभी घर में सो रही सुरेश गोप की पत्नी मंजू की नींद खुल गई। मंजू के जागने पर एक चोर ने उनका गला दबाने की कोशिश की, जिससे वह डर गईं। इसी बीच शोर-शराबे की आशंका से सभी चोर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित सुरेश गोप के अनुसार, चोर घर से लगभग 70 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये मूल्य के गहने चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि आगामी 3 मई को उनकी भतीजी की शादी है, जिसके लिए ही घर में नकद और गहने रखे गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version