बाइक से जा रहे 10वीं के छात्र-छात्रा को रास्ते में रोककर युवकों ने की कथित बदसलूकी
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने पीड़ितों की पहचान कर FIR दर्ज की
फतेह लाइव, रिपाेर्टर।
बिहार के जमुई जिले में नाबालिग लड़का और लड़की के साथ सरेराह कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना 19 सितंबर की शाम जमुई सदर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर पीड़ितों की पहचान की और प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि दोनों 10वीं कक्षा के छात्र हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों कोचिंग के लिए निकले थे और फोटो शूट के लिए मड़वा पहाड़ की तरफ गए थे। लौटने के दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
वायरल वीडियो में दिखी युवकों की दबंगई
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक लड़की को कथित तौर पर जबरन पकड़ते और उसके साथ बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में लड़की डर के कारण युवकों से छोड़ने की गुहार लगाती दिखाई देती है। वीडियो में वह और लड़का अपने बारे में जानकारी देते हुए यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि वे साथ पढ़ते हैं और दोस्त हैं। घटना के दौरान लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने के दृश्य भी वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
शिकायत नहीं मिली तो वायरल वीडियो बना पुलिस की कार्रवाई का आधार
जमुई पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में शुरुआत में कोई लिखित शिकायत पुलिस को नहीं मिली थी। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः मामले की जांच शुरू की। वीडियो के आधार पर पीड़ितों की पहचान की गई और उनसे बातचीत के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।
6-7 युवकों की पहचान का दावा
जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पीड़ितों की पहचान की गई है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में करीब 6-7 लोग कथित तौर पर घटना में शामिल दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




































