फ़तेह लाइव, रिपोर्टर
झारखंड के लोगों के लिए राहत भरी खबर है! भीषण गर्मी और लू से परेशान जनता को अब मौसम कुछ ठंडी राहत देने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले छह दिनों तक झारखंड में झमाझम बारिश और ठंडी हवाएं लोगों को राहत भरी मौसम का एहसास कराएंगी। पिछले कई दिनों से झारखंड के विभिन्न जिलों में उमस और तेज गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया था। अब मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
26 अप्रैल को रहेगा लू का असर, फिर आएगी राहत
हालांकि 26 अप्रैल को दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में दिन के समय लू चलेगी। लेकिन दोपहर बाद से कई इलाकों में आंधी-तूफान, तेज गर्जना और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है।27 अप्रैल को खास तौर पर राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।
इसके अलावा 28 अप्रैल को राज्य के अधिकांश भागों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं के झोंकों और वज्रपात की संभावना जताई गई है। हालांकि उत्तर-पश्चिमी झारखंड में छिटपुट बारिश के साथ हल्की आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसम का सुहाना बदलाव 1 मई 2025 तक जारी रहने की संभावना है। तेज हवाएं, ठंडी बौछारें और तापमान में गिरावट झारखंडवासियों को भीषण गर्मी से राहत दिलाएंगी।