नवीन दायित्व के लिए डॉ. एहतेशाम वकारीब को दी शुभकामनाएं, पारंपरिक आदिवासी गमछा ओढ़ाकर किया सम्मानित
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के सामाजिक एवं जनहित के विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय युवा साथियों और सामाजिक नेतृत्व से जुड़े प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारीब से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी का पारंपरिक आदिवासी गमछा ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में सुकरा हो, सुनील हेंब्रम, राजू बेसरा, रवि सोरेन, सुरेश हेंब्रम, रवींद्र बास्के समेत अन्य सामाजिक एवं संघर्षशील साथी शामिल थे।
मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें समाजहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं की सकारात्मक और रचनात्मक भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने, कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा समाज और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर संवाद, समन्वय एवं सहयोग को बढ़ावा देने पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. एहतेशाम वकारीब को उनके नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जमशेदपुर में शांति, सुरक्षा और जनसेवा को नई मजबूती मिलेगी तथा समाज और पुलिस प्रशासन के बीच विश्वास एवं सहयोग की परंपरा और अधिक सुदृढ़ होगी।











