22829/22830 भुज-शालीमार एक्सप्रेस अब गांधीधाम के बजाय गोपालपुर होकर चलेगी, टाटानगर के यात्रियों को नए रूट की जानकारी जरूरी
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
रेलवे बोर्ड ने पश्चिम रेलवे के गांधीधाम सेक्शन में रेक रिवर्सल की समस्या को समाप्त करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम द्वारा जारी आदेश के अनुसार सात महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन अब गांधीधाम के बजाय गांधीधाम केबिन–गोपालपुर–भुज सेक्शन से किया जाएगा। इस बदलाव के तहत गांधीधाम स्टेशन पर मिलने वाला व्यावसायिक ठहराव अब गोपालपुर स्टेशन पर दिया जाएगा।
जमशेदपुर में टाटानगर स्टेशन और दक्षिण-पूर्व रेलवे के यात्रियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि 22829/22830 भुज–शालीमार एक्सप्रेस, जो टाटानगर होकर चलती है, भी इस बदलाव के दायरे में शामिल है। हालांकि ट्रेन का टाटानगर सहित अपने नियमित मार्ग पर संचालन जारी रहेगा, लेकिन गुजरात में इसका रूट और ठहराव बदलेगा। ऐसे में भुज या गांधीधाम क्षेत्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट बुकिंग और यात्रा योजना बनाते समय इस बदलाव का ध्यान रखना होगा।
रेलवे बोर्ड ने संबंधित सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि नए रूट की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और आरक्षण प्रणाली में भी आवश्यक संशोधन तत्काल लागू किए जाएं। आदेश के अनुसार यह परिवर्तन एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) या नो-बुकिंग डेट, जो भी पहले लागू हो, उससे प्रभावी किया जाएगा।
इन ट्रेनों के रूट में होगा बदलाव
20907/20908 दादर–भुज एक्सप्रेस
22903/22904 बांद्रा टर्मिनस–भुज एक्सप्रेस
12965/12966 बांद्रा टर्मिनस–भुज एक्सप्रेस
12959/12960 बांद्रा टर्मिनस–भुज एक्सप्रेस
11091/11092 भुज–पुणे एक्सप्रेस
22829/22830 भुज–शालीमार एक्सप्रेस (टाटानगर होकर चलने वाली)
94801/94802 अहमदाबाद–भुज नमो भारत रैपिड रेल
टाटानगर यात्रियों के लिए क्या बदलेगा?
भुज–शालीमार एक्सप्रेस टाटानगर से पूर्ववत चलेगी।
गुजरात में गांधीधाम स्टेशन के स्थान पर गोपालपुर स्टेशन पर व्यावसायिक ठहराव मिलेगा।
भुज, गांधीधाम और कच्छ क्षेत्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को नए रूट और स्टॉपेज की जानकारी रखना जरूरी होगा।










