फतेह लाइव, रिपोर्टर।
हावड़ा से राउरकेला जा रही 20871 हावड़ा–राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस में अचानक तकनीकी व परिचालन संबंधी खराबी आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। प्रभावित यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए टाटानगर रेलवे स्टेशन से हावड़ा की ओर एक विशेष ट्रेन करीब 4:20 बजे रवाना की गई, जिसमें यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई।

जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस के पहियों से संबंधित अप्रत्याशित परिचालन समस्या सामने आने के बाद ट्रेन को बिसरा और भालुलता स्टेशन के बीच सुरक्षा जांच के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक इंतजाम शुरू किए।
प्रभावित यात्रियों की सुविधा के लिए टाटानगर से हावड़ा जाने वाली विशेष ट्रेन में पेंट्री कार और ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (ओबीएचएस) की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। करीब 100 वंदे भारत यात्रियों को विशेष ट्रेन के वातानुकूलित कोचों में बैठाया गया है।
वहीं, शेष यात्रियों के लिए रेलवे ने 8 कोच वाली वैकल्पिक वंदे भारत रेक की व्यवस्था की है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सभी यात्रियों को उचित तरीके से बैठाने और उन्हें कम से कम परेशानी हो, इसके लिए लगातार व्यवस्था की जा रही है।
इस घटनाक्रम का असर वापसी सेवा पर भी पड़ा है। ट्रेन संख्या 20872 राउरकेला–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस को करीब दो घंटे की देरी से रवाना करने का निर्णय लिया गया है। वापसी यात्रा को संचालित करने के लिए भी 8 कोच वाली वैकल्पिक वंदे भारत रेक का इंतजाम किया गया है।
रेलवे ने अचानक उत्पन्न हुई इस परिचालन समस्या से यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रभावित यात्रियों को स्टेशनों पर हरसंभव सहयोग एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
































