एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब की सूचना पर बनी विशेष टीम, बहरागोड़ा के कालियाडिंगा चौक पर वाहन जांच के दौरान बड़ी सफलता
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस को अंतर्राज्यीय संगठित मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के कालियाडिंगा चौक के समीप पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध वाहन से 113 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान ओडिशा निवासी एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए कालियाडिंगा चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कुल 113 किलोग्राम गांजा जब्त कर पुलिस ने मौके से अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और कॉल डिटेल के माध्यम से इस संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का मानना है कि मामले की गहन जांच से अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य तस्करों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



































