फ़तेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के होटल व्यापारी कदमा निवासी निखार सबलोक हत्याकांड में सोमवार को पुलिस कार्रवाई का नया अपडेट सामने आया है। जहां सरायकेला और जमशेदपुर दोनों जिलों की टीम ने हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह उर्फ राघव के सोनारी पोस्ट ऑफिस के पीछे News – 26 (डिजीटल मीडिया) कार्यालय में छापामारी करने पहुंची। पुलिस की इस कार्रवाई से मीडिया जगत में भी हलचल मच गई।
करीब डेढ़ बजे सरायकेला, चौका, सोनारी और बिष्टुपुर के थाना प्रभारी सोनारी पहुंचे। इस दौरान जांच पड़ताल की कार्रवाई के लिए राघव की पत्नी रूबी सिंह को बुलाया गया। करीब तीन बजे रूबी सिंह भी अपने News-26 के दफ़्तर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया। फिलहाल पुलिस टीम कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई कर रही है। इलाके के डीएसपी भी मौजूद हैं। संभवता इस डिजिटल मीडिया के कार्यालय को सील करने की प्रक्रिया पुलिस द्वारा अपनाई जा रही है, हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली।
मालूम हो कि उत्तराखंड स्थित देहरादून में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के बाद उसका कारोबार राघव ही देख रहा था। 24 अगस्त को चांडिल के 10th माइल स्टोन होटल के पास निखार सबलोक की यूपी के शूटरों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। मामले में साजिशकर्ता के रूप में राघव की भूमिका सामने आई थी। फिलहाल राघव और कई शूटर जेल में हैं। पिछले दिनों एक फरार शूटर को धनबाद के निरसा में पुलिस ने मुठभेड़ में घायल किया था। बता दें की हत्याकांड के बाद फील्ड से इस मीडिया के पत्रकार भी लगभग नदारद देखे जा रहे थे। कुछ दिनों से पोर्टल पर खबरें भी अपडेट नहीं हो रही थी।



































